
Dhamtari: मंडाई में चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, धारदार हथियार जप्त
धमतरी। जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी के निर्देश पर पुलिस निरंतर अभियान चला रही है। गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मगरलोड थाना पुलिस ने एक युवक को चाकू लहराकर लोगों को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी से धारदार चाकू जप्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पेट्रोलिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
थाना मगरलोड पुलिस टीम ग्राम मेघा के मडाई स्थल, बाजार चौक में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक दाहिने हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए आम लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने युवक को मौके पर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम वेदप्रकाश विभार, पिता नरेश विभार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम मेघा, थाना मगरलोड बताया।
चाकू जप्त और कानूनी कार्रवाई
आरोपी के पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसकी कुल लंबाई 10.7 इंच है। चाकू की एक तरफ धार और दूसरी तरफ आरीनुमा डिजाइन है। गवाहों की मौजूदगी में चाकू को विधिवत जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।
आरोपी द्वारा अवैध रूप से धारदार हथियार रखने और सार्वजनिक शांति भंग करने का जुर्म पाए जाने पर उसके खिलाफ थाना मगरलोड में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी वेदप्रकाश विभार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



