
Dhamtari: बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार पर तीन घंटे तक हंगामा, पुलिस और DRG तैनात
धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत गुहाननाला गांव में बुजुर्ग महिला के शव को दफनाने को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हो गया। करीब तीन घंटे तक चले विवाद के बाद पुलिस की समझाइश से मामला शांत हो सका। एहतियातन गांव में पुलिस बल और डीआरजी के जवान तैनात किए गए थे।
3 फरवरी को हुआ था महिला का निधन
जानकारी के अनुसार, 80 वर्षीय तितरो बाई का निधन 3 फरवरी को हुआ था। आरोप है कि परिजनों ने महिला के शव को चोरी-छिपे दफना दिया। इस बात की जानकारी जब ग्रामीणों को बाद में मिली तो गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने दफनाए गए शव को बाहर निकालने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और दुगली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

धर्म परिवर्तन को लेकर बढ़ा विवाद
ग्रामीणों का कहना है कि मृतका का परिवार पिछले आठ वर्षों से ईसाई धर्म अपना चुका था और बिना गांव की सहमति के शव को दफनाया गया। इसी मुद्दे को लेकर गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। ग्रामीणों ने इसे परंपराओं के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया।
पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक चली बातचीत और समझाइश के बाद विवाद उस समय थमा, जब परिजनों ने लिखित में यह आश्वासन दिया कि वे पुनः अपने मूल धर्म में वापस आ गए हैं। लिखित बयान के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
गांव में पुलिस बल तैनात, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



