
Dhamtari में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, 55 हजार का माल जब्त
22-8-2025
Dhamtari जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 55 हजार रुपए का मादक पदार्थ जब्त किया गया है।
पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने डिपो पारा स्थित कला मंच के पास से हेरोइन बेचते हुए एक युवक को पकड़ा। आरोपी की पहचान जोधापुर वार्ड निवासी रवि सोनी (39) के रूप में हुई है। उसके पास से 1 ग्राम हेरोइन, सिल्वर फॉइल पेपर, लाइटर, मोबाइल और 2,100 रुपए नकद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 15,100 रुपए आंकी गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

दूसरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने ग्राम कसही निवासी नीरज कुमार ध्रुवंशी (21) को डांडेसरा नहर पुल के पास रोका। आरोपी प्लेटिना बाइक से मादक पदार्थ लेकर जा रहा था। तलाशी में उसके बैग से 479 ग्राम गांजा और भूरे रंग की पॉलिथीन से 1.020 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल 1.499 किलोग्राम गांजा जिसकी कीमत करीब 15,000 रुपए है, जब्त किया गया। आरोपी की बाइक भी जब्त की गई, जिससे कुल जब्ती की कीमत 40,000 रुपए पहुंच गई।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। धमतरी पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



