
Dhamtari : अवैध प्रेम संबंध बना खून की वजह, हथौड़े से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रेम संबंध के चलते हत्या की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिहावा थाना क्षेत्र के सांकरा स्थित दंतेश्वरी मंदिर तालाब पचरी में युवक पर लोहे के हथौड़े से प्राणघातक हमला किया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक सप्ताह के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शाम के अंधेरे में जानलेवा हमला
पीड़ित धनेश्वर जोगी (35 वर्ष) पर अज्ञात हमलावरों ने सिर और सिर के पीछे किसी ठोस वस्तु से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना की रिपोर्ट पर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 01/2026, धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अवैध प्रेम संबंध निकला हमले की वजह
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों से खुलासा हुआ कि पीड़ित का जितेंद्र कुमार चंदनिया की पत्नी से लगातार संपर्क था। पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच अवैध प्रेम संबंध थे, जिससे आरोपी और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपी के भाई चंद्रप्रकाश चंदनिया की पत्नी से भी पीड़ित का विवाद हुआ था।

षड्यंत्र रचकर हथौड़े से किया वार
इसी रंजिश में दोनों आरोपियों ने षड्यंत्र रचकर 4 जनवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे अंधेरे का फायदा उठाते हुए हमला किया। जितेंद्र चंदनिया ने पीड़ित के सिर के पीछे लोहे के हथौड़े से वार किया और चंद्रप्रकाश चंदनिया ने गिरने के बाद पीड़ित की पीठ में लात मारकर उसे दोबारा गिरा दिया
हथियार जब्त
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा जप्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- जितेंद्र कुमार चंदनिया (38 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, सांकरा
- चंद्रप्रकाश चंदनिया (43 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, सांकरा
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



