
Dhamtari: यात्री बस के सूटकेस में मिला 17 लाख का गांजा, अलग – अलग राज्य की दो महिला तस्कर गिरफ्तार
धमतरी/बोराई। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस ने आधी रात को बड़ी स्ट्राइक की है। ओडिशा सीमा से सटे बोराई चेक पोस्ट पर पुलिस ने एक यात्री बस की तलाशी के दौरान दो महिलाओं के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। सूटकेस में भरकर ले जाए जा रहे इस गांजे की अनुमानित कीमत 17.89 लाख रुपये बताई जा रही है।
आधी रात को बोराई चेक पोस्ट पर दबिश
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अंतर्राज्यीय सीमा पर वाहनों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में 4 फरवरी 2026 की रात करीब 12:30 बजे बोराई पुलिस ने कोरापुट (ओडिशा) से रायपुर की ओर जा रही ‘नरेश’ ट्रेवल्स की बस (CG-07-E-4433) को चेकिंग के लिए रोका।

लोअर बर्थ पर बैठी महिलाओं पर हुआ संदेह
बस की तलाशी के दौरान लोअर बर्थ क्रमांक 23 और 24 पर बैठी दो महिलाएं पुलिस को देखकर घबराने लगीं। उनके पास तीन बड़े ट्रॉली बैग (सूटकेस) रखे हुए थे। संदेह होने पर जब गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। सूटकेस के भीतर टेप से लिपटे हुए गांजे के 8 बड़े बंडल बरामद हुए।
जप्त गांजा और आरोपियों का विवरण
- बरामद गांजा: 35 किलो 783 ग्राम।
- अनुमानित कीमत: ₹ 17,89,150/- (सत्रह लाख निवासी हजार रुपये लगभग)।
- रेखा रानी (30 वर्ष): निवासी बाजीगर बस्ती, फरीदकोट (पंजाब)।
- कोमल चौधरी (29 वर्ष): निवासी मथुरा (उत्तर प्रदेश), हाल पता- नवरंगपुर।
जेल भेजी गईं आरोपी महिलाएं
बोराई पुलिस ने दोनों महिला तस्करों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ओडिशा से गांजे की यह खेप छत्तीसगढ़ के रास्ते कहाँ सप्लाई की जानी थी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



