
Kashi : देव दिवाली-होटल में 12 घंटे ठहरने का खर्च 1.5 लाख, 500 से ज्यादा होटल फुल बुक
वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर काशी में रौनक चरम पर है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक गंगा तट पर दीपों की अनोखी छटा देखने पहुंच रहे हैं। इस भारी भीड़ का असर होटल और बजड़ा बुकिंग पर भी दिख रहा है। 12 घंटे ठहरने के लिए लग्जरी होटलों का किराया 1.5 लाख रुपए तक पहुंच गया है, जबकि गंगा दर्शन के लिए चलने वाले बजड़े (लक्जरी नावें) की कीमतें भी आसमान छू रही हैं।

होटल फुल, ठहरने की जगह मुश्किल
काशी के सभी प्रमुख होटलों में 3 से 5 दिन पहले ही बुकिंग फुल हो चुकी है। घाटों के आसपास के 500 से अधिक होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे में एक भी कमरा खाली नहीं है। जिन होटलों में सामान्य दिनों में एक रात का किराया 6 से 8 हजार होता है, वहां देव दीपावली की रात 12 घंटे का ठहराव 1.5 लाख रुपए में मिल रहा है।
बजड़ों के रेट ने तोड़े रिकॉर्ड
गंगा घाट से देव दीपावली का दृश्य देखने के लिए पर्यटकों में भारी उत्साह है। आम दिनों में 8 हजार रुपए में मिलने वाला बजड़ा, अब 3.60 लाख रुपए तक में किराए पर लिया जा रहा है। कई पर्यटकों ने पहले से ही ऑनलाइन बुकिंग कर ली थी, जबकि देर करने वालों को अब मोटी रकम चुकानी पड़ रही है।

स्थानीय लोग भी कर रहे हैं कमाई
काशी में देव दीपावली के दौरान स्थानीय लोगों के लिए भी यह त्योहार आर्थिक अवसर बन गया है। गंगा तट के आसपास भोजनालय, ठेला व्यवसायी, नाविक और गाइड अच्छी आमदनी कर रहे हैं। अनुमान है कि केवल इस पर्व के दौरान 100 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हो सकता है।
पुलिस और प्रशासन ने की कड़ी व्यवस्था
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। गंगा घाटों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, जबकि ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



