
दिल्ली–पुणे इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी
पुणे। दिल्ली से पुणे आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-2608 को गुरुवार शाम बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी फ्लाइट के टॉयलेट में टिशू पेपर पर हाथ से लिखे एक नोट के जरिए मिली, जिसमें विमान में बम होने की बात लिखी थी।

लैंडिंग के बाद आइसोलेशन पार्किंग में शिफ्ट की गई फ्लाइट
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने निर्धारित समय शाम 8:40 बजे की बजाय 9:24 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से विमान को आइसोलेशन पार्किंग बे में शिफ्ट कर दिया गया। 9:27 बजे फ्लाइट को पूरी तरह पार्क किया गया, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने बम की धमकी की सूचना एप्रन कंट्रोल और अन्य संबंधित एजेंसियों को दी।
BDDS टीम ने की विमान की सघन जांच
धमकी की सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS), CISF और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। विमान की पूरी तरह से जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान कोई भी विस्फोटक, संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।

सुरक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिली उड़ान की अनुमति
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल और जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद विमान को दोबारा सामान्य संचालन के लिए क्लियरेंस दे दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी स्थिति को तय मानकों के अनुसार संभाला गया।
इंडिगो ने जारी की प्रेस रिलीज
इंडिगो एयरलाइंस की ओर से जारी प्रेस रिलीज में इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा गया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया और किसी भी तरह का खतरा नहीं पाया गया।
पांच दिनों में दूसरी बम धमकी की घटना
उल्लेखनीय है कि यह पिछले पांच दिनों के भीतर फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी की दूसरी घटना है, जिससे विमानन सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल नोट लिखने वाले व्यक्ति की पहचान और मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



