
Delhi Police की बड़ी कार्रवाई, 25 ठिकानों पर छापेमारी, 6 अपराधी गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में संगठित अपराधों पर शिकंजा कसते हुए दिल्ली पुलिस ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने गैंगस्टर्स के 25 ठिकानों पर छापेमारी कर बुलेटप्रूफ गाड़ियां, मर्सिडीज और ऑडी जैसी लग्जरी कारें, लाखों रुपये नकद और कुछ हथियार बरामद किए। इस कार्रवाई में 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

380 पुलिसकर्मी तैनात
दिल्ली पुलिस की 25 विशेष टीमों ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और हरियाणा के कई इलाकों में एक साथ दबिश दी। इस अभियान में कुल 380 पुलिसकर्मी शामिल थे। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई गैंगस्टर्स की गतिविधियों पर नकेल कसने और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चल रही है।
गिरफ्तार अपराधी
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुख्यात कपिल सांगवान, नंदू गैंग और विक्की टक्कर गैंग से जुड़े अपराधियों को पकड़ा है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम–
- पवन उर्फ प्रिंस (18)– शूटर, नंदू गैंग का सदस्य, छावला फायरिंग केस में शामिल।
- हिमांशु उर्फ मछी (24)– विक्की टक्कर गैंग का सदस्य, 7 मुकदमे दर्ज।
- प्रशांत – नंदू गैंग का शूटर, 11 मामले दर्ज।
- राहुल दिवाकर उर्फ मनप्रीत (25)– विक्की टक्कर गैंग का सदस्य, 20 मुकदमे दर्ज।
- अंकित धिंगरा उर्फ नोनी (34)– नंदू गैंग का सदस्य, 10 मुकदमे दर्ज।
- प्रवीण उर्फ डॉक्टर – 25 से ज्यादा मुकदमे दर्ज।

खुफिया जानकारी पर ऑपरेशन
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया इनपुट्स पर आधारित थी। दिल्ली-एनसीआर में हालिया गैंगवार और अपराध की घटनाओं ने पुलिस को अलर्ट कर दिया था। माना जा रहा है कि इस ऑपरेशन से कई गैंग्स के नेटवर्क पर गहरा असर पड़ेगा और संगठित अपराध पर नियंत्रण मिलेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



