
तुमगांव में फिर सक्रिय हुआ देह व्यापार का नेटवर्क, जागरूक ग्रामीणों ने दो महिलाओं को पकड़ा
महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र में एक बार फिर देह व्यापार का काला कारोबार सक्रिय होने की कोशिश में था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता ने इसे तुरंत रोक दिया। बीती रात करीब साढ़े बारह बजे कुछ ग्रामीण महिलाओं ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहीं दो अज्ञात महिलाओं को घेराबंदी कर पकड़ लिया और तुरंत तुमगांव पुलिस के हवाले कर दिया।
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए दो पुरुष
पकड़ी गई महिलाओं के साथ दो पुरुष भी मौजूद थे, लेकिन ग्रामीणों को देखते ही वे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। ग्रामीणों ने बताया कि संदिग्ध लोगों की गतिविधियाँ पिछले कुछ दिनों से देखी जा रही थीं।

तुमगांव लंबे समय से कुख्यात, ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा मामला
तुमगांव क्षेत्र काफी समय से देह व्यापार के केंद्र के रूप में कुख्यात रहा है। कई बार पुलिस की कार्रवाई के बावजूद बाहरी तत्व मौके का फायदा उठाकर इस अवैध कारोबार को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश करते रहते हैं। हालांकि इस बार ग्रामीण महिलाओं की जागरूकता और त्वरित कदम के कारण बड़ा अपराध होने से टल गया।
पुलिस कर रही पूछताछ, मामले की जांच जारी
पुलिस ने पकड़ी गई दोनों महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी है। उनके मोबाइल फोन, संपर्क सूत्र और इलाके में आने के उद्देश्य की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों की सजगता सराहनीय है और ऐसे अपराधों पर रोक लगाने में समुदाय की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



