
विवादित जमीन का 64 लाख में सौदा, Congress नेता समेत 3 पर FIR
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जमीन के नाम पर 64 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। विवादित भूमि को लेकर गलत जानकारी देकर सौदा कराने और रकम हड़पने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस नेता ज्ञान सिंह गिल, नागेन्द्र राय और टाकेश्वर पाटले के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा
गोंड़पारा निवासी पंकज भोजवानी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पंकज पीएम कंस्ट्रक्शन के भागीदार हैं और जमीन खरीदकर निर्माण कार्य करते हैं। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में टाकेश्वर पाटले के जरिए उनकी मुलाकात नागेन्द्र राय से हुई, जिसने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देते हुए श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित जमीन का सौदा कराने का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि पंकज को कांग्रेस नेता ज्ञान सिंह गिल के घर ले जाया गया, जहां बताया गया कि जमीन उनकी पत्नी हरजिंदर कौर के नाम पर दर्ज है। इसके बाद तीन करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ।

64 लाख की रकम वसूली
23 फरवरी 2023 को प्रार्थी ने आरटीजीएस के माध्यम से 50 लाख रुपये हरजिंदर कौर के खाते में ट्रांसफर किए। वहीं, दस्तावेज और सौदा पक्का कराने के नाम पर 10 लाख रुपये नागेन्द्र राय के कहने पर दीपाली एसोसिएट्स के खाते में जमा कराए गए। बाद में समझौते के नाम पर 4 लाख रुपये नकद भी लिए गए।
पहले से कोर्ट विवाद में थी जमीन
रकम देने के बाद जब रजिस्ट्री की बात आई तो आरोपी सीमांकन में देरी का बहाना बनाते रहे। इसी दौरान प्रार्थी को पता चला कि उक्त जमीन पहले से ही न्यायालयीन विवाद में है। इतना ही नहीं, उसी जमीन को लेकर एक अन्य व्यक्ति से भी अलग सौदा कर लिया गया था, जिसकी जानकारी छुपाई गई।
धमकी देने का भी आरोप
शिकायत में आरोप है कि जब पैसे वापस मांगे गए तो आरोपियों ने इंकार कर दिया। नागेन्द्र राय के घर पहुंचने पर धमकाया गया और टाकेश्वर पाटले ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। करीब 35 महीने तक परेशान होने के बाद पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने मामले को प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी मानते हुए बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



