
छत्तीसगढ़ में SDOP पर जानलेवा हमला: कोर्ट के पास चाकू से वार, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
दंतेवाडा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। सुकमा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक (SDOP) तोमेश वर्मा पर शुक्रवार को चाकू से घातक हमला किया गया। यह वारदात जिला न्यायालय से कुछ ही दूरी पर स्थित टीवीएस शोरूम के पास हुई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
पुराने विवाद में हमला किए जाने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीओपी तोमेश वर्मा यूएपीए (UAPA) से जुड़े एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में शुक्रवार को दंतेवाड़ा पहुंचे थे। इसी दौरान दुर्ग जिले के एक पुराने मामले के आरोपी रविशंकर साहू और रंजिता वर्मा उनसे बातचीत करने के लिए दुर्ग से दंतेवाड़ा आए थे। दोनों ने एसडीओपी को कोर्ट के पास मिलने के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने अपने पास रखे चाकू से एसडीओपी पर अचानक हमला कर दिया।

जिला अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
हमले में घायल एसडीओपी तोमेश वर्मा को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला, पूछताछ जारी
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। हमले के पीछे की पूरी साजिश, विवाद की जड़ और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



