
बांध में मिला युवक का शव: शरीर पर बंधा था पत्थर, इलाके में फैली दहशत
बिलासपुर/तखतपुर। जिले के तखतपुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घोरामार के फेकूबांध में एक अज्ञात युवक का तैरता हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पानी में शव दिखने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

शव की नहीं हो पाई है पहचान
सूचना के बाद कोटा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि युवक के शरीर पर पत्थर बांधा गया था, जिससे आशंका है कि उसे मारकर बांध में फेंका गया है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

हत्या की आशंका
कोटा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग ने बताया कि शव को पानी से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास के गांवों में लापता युवक की तलाश की जा रही है। वहीं हत्या की आशंका को लेकर पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल मामला संदिग्ध बना हुआ है और विस्तृत जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



