
पैरा के ढेर में जला मिला 95 वर्षीय बुजुर्ग का शव, मचा हड़कंप
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के मानपुर नाका क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में रखे पैरा (भूसा) के ढेर के भीतर एक बुजुर्ग का जला हुआ शव बरामद किया गया। खेत से उठता धुआं और आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां पैरा के बीच मानव शव दिखाई देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
धुएं से हुआ खुलासा, मौके पर पहुंची पुलिस
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

95 वर्षीय दुर्जनराम वर्मा के रूप में हुई पहचान
शव के पास मिली छड़ी और अन्य पहचान के आधार पर मृतक की पहचान दुर्जनराम वर्मा (उम्र 95 वर्ष), पिता स्व. धरसिया वर्मा, निवासी मानपुर नाका क्षेत्र के रूप में की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्जनराम वर्मा अक्सर उसी खेत के आसपास रहा करते थे, जहां पैरा का ढेर रखा हुआ था।
मौत को लेकर कई सवाल
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग कैसे लगी और बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई। हादसा, लापरवाही या किसी आपराधिक साजिश—तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



