
Dantewada में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से युवक गंभीर, ग्रामीणों का चक्का जाम
दंतेवाड़ा। जिले के भांसी थाना क्षेत्र में 15 दिसंबर की रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए विशाखापट्टनम रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
गाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ट्रक बचेली से दंतेवाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान दंतेवाड़ा से बचेली की ओर आ रहे गमावड़ा निवासी बाइक सवार युवक दीपक भास्कर (22) को गमावड़ा गांव के पास ट्रक चालक ने गाय को बचाने के प्रयास में अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक के टायर के नीचे आ गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद चालक फरार
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए विशाखापट्टनम रेफर किया गया।
ग्रामीणों का चक्का जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बचेली–दंतेवाड़ा मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीण करीब 5 से 6 घंटे तक सड़क पर बैठे रहे, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस–प्रशासन की समझाइश के बाद खुला जाम
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच चक्का जाम समाप्त किया गया, जिससे यातायात बहाल हो सका।
ट्रक चालक की तलाश जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



