
सायबर थाना दुर्ग को बड़ी सफलता: म्यूल बैंक खाता धारकों के तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग, 24 मई 2025
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के निर्देशन में रेंज सायबर थाना दुर्ग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल बैंक खाता धारकों के तीन आरोपियों को भिलाई से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सायबर ठगी से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में हुई है, जिसमें ठगी की रकम संदिग्ध बैंक खातों में ट्रांजैक्ट की गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना रेंज सायबर दुर्ग में अपराध क्रमांक 03/2025 अंतर्गत धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2) ए बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान बंधन बैंक, स्मृति नगर भिलाई के 13 खाताधारकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई, जिनमें से तीन मुख्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपी इस प्रकार हैं:
प्रेम प्रकाश बांधे (19 वर्ष), निवासी हरिनगर कातुलबोर्ड, दुर्ग
फैजल अहमद (24 वर्ष), निवासी रामनगर सुपेला, भिलाई
देवेन्द्र कुमार गुप्ता (22 वर्ष), निवासी वैशाली नगर, भिलाई
जांच में सामने आया कि प्रेम प्रकाश बांधे के बैंक खाते का उपयोग कर फैजल अहमद एवं देवेन्द्र कुमार गुप्ता ने सायबर फ्रॉड के माध्यम से 52,716 रुपये की धोखाधड़ी की। संबंधित खाते में कुल 1,61,084 रुपये का लेनदेन पाया गया।
तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मेमोरेण्डम कथन लिए गए, जिनमें उनके अपराध में संलिप्त होने के पर्याप्त प्रमाण मिले। इसके बाद तीनों को 23 मई 2025 को क्रमशः शाम 18:10, 18:20 और 18:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के नेतृत्व में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती शिल्पा साहू, निरीक्षक तापेश्वर सिंह नेताम, उप निरीक्षक नवीन राजपूत, प्रधान आरक्षक नीलकमल सलामे, राजेन्द्र गिरी, जावेद खान, आरक्षक कामेश्वर देशमुख, सुरेन्द्र कटरे, विक्रम सिंह, सालिक राम एवं राजीव रंजन की सराहनीय भूमिका रही।
सायबर थाना दुर्ग की यह कार्रवाई सायबर अपराधों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT