
इमरजेंसी सेवा पर संकट! दो महीने से नहीं मिला वेतन, रुक सकते हैं 108 एंबुलेंस के पहिए
जगदलपुर। बस्तर जिले में इमरजेंसी 108 एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने की आशंका गहराती जा रही है। सेवा में तैनात कर्मचारियों को बीते दो महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते ड्राइवर और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
काफी समय से नहीं मिला वेतन
कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी को लेकर आज बस्तर कलेक्टर, जिला श्रम अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का आरोप है कि संबंधित एजेंसी हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर वेतन टाल देती है, जबकि घर खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

बस्तर में 50 कर्मचारी कार्यरत
बस्तर जिले में 12 एंबुलेंस सरकारी अस्पतालों में तैनात हैं, जिन पर करीब 50 कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि न सिर्फ बस्तर बल्कि प्रदेश के कई जिलों में यही स्थिति बनी हुई है। यदि जल्द वेतन भुगतान नहीं किया गया तो एंबुलेंस सेवा बाधित हो सकती है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कर्मचारी मांग कर रहे हैं कि प्रशासन हस्तक्षेप कर उन्हें समय पर वेतन दिलाए, ताकि आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से जारी रह सकें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



