
फिर भड़का धर्मांतरण विवाद: पुसागांव में ग्रामीणों का आक्रोश, धर्मांतरित परिवारों के घरों में की तोड़फोड़
कांकेर। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद उग्र हो गया है। कांकेर जिले के पुसागांव क्षेत्र में धर्मांतरित परिवारों के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश हिंसक रूप में सामने आया, जहां लगभग 10 घरों में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

घरों में घुसकर की गई तोड़फोड़
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ धर्मांतरित परिवारों के घरों में प्रवेश कर तोड़फोड़ की। आरोप है कि इन परिवारों से पहले बैठक कर मूल धर्म में वापसी का आग्रह किया गया था, लेकिन सहमति नहीं बनने पर ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गांव में तनाव
घटना के बाद से गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



