
मवेशियों से भरा कंटेनर पलटा: अवैध गो-तस्करी के दौरान 50 से अधिक गायों की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
जगदलपुर। कोटपाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत घुमर गांव के पास रविवार देर रात मवेशियों से भरा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस भीषण हादसे में कंटेनर में भरी 50 से अधिक गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार, कंटेनर के जरिए मवेशियों को अवैध रूप से कोटपाड़ क्षेत्र से घुमर मार्ग होते हुए आंध्रप्रदेश ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि कंटेनर में क्षमता से अधिक मवेशी भरे होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे कंटेनर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि अधिकांश गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
दुर्घटना की खबर मिलते ही घुमर गांव सहित आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत हो चुकी थी।
अवैध गो-तस्करी पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से लंबे समय से मवेशियों की अवैध तस्करी की जा रही है। कई बार विरोध और शिकायतों के बावजूद गो-चालान पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं में निर्दोष मवेशियों की जान जा रही है।

एक साथ 50 से अधिक गायों की मौत से गांव में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अवैध गो-तस्करी के पहलू से भी पड़ताल की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



