
दूसरे किसान के खाते में धान खपाने की साजिश नाकाम, मंडी टीम की सतर्कता से 22 कट्टा धान जब्त
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान गड़बड़ी रोकने प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बलौदाबाजार जिले में एक बड़ी अनियमितता को समय रहते पकड़ लिया गया। दूसरे किसान के खाते में अवैध रूप से धान खपाने की कोशिश मंडी टीम ने नाकाम कर दी और मौके से 22 कट्टा धान जब्त किया गया।

राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारु रूप से जारी है। जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शिता, किसानों की सुविधा और बिचौलियों पर लगाम लगाने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है। इसी सतर्कता का नतीजा है कि सोमवार को करमदा धान उपार्जन केंद्र में यह मामला सामने आया।
जांच में खुला फर्जीवाड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषक तुलेश्वर प्रसाद वर्मा द्वारा किसी अन्य किसान के खाते में 22 कट्टा धान बेचने का प्रयास किया जा रहा था। अधिकारियों ने जब पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की, तो यह स्पष्ट हुआ कि लाया गया धान किसी दूसरे किसान का है। इसके बाद मंडी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरा धान जब्त कर लिया।

कलेक्टर के सख्त निर्देश
गौरतलब है कि कलेक्टर दीपक सोनी ने जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और उपार्जन केंद्रों में गड़बड़ी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की धोखाधड़ी या नियम उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le



