
कांग्रेस विधायक KC वीरेंद्र पर फिर ED की Raid , करोड़ों की संपत्ति जब्त
कर्नाटक के कांग्रेस विधायक के.सी. वीरेंद्र उर्फ “पप्पी” पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध सट्टेबाजी मामले में जारी शिकंजा कसते हुए उनके कई ठिकानों पर शनिवार को फिर रेड डाली है। ईडी ने पहले भी उनकी कई जगहों पर छापेमारी की थी और करोड़ों की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई के तहत चल्लकेरे कस्बे में एक सहकारी बैंक और एक निजी बैंक की इकाइयों पर भी छापा मारा गया।

ईडी की जांच से पता चला है कि विधायक और उनके सहयोगियों ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों के जरिए महज कुछ समय में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई। 2 सितंबर को भी ईडी ने कांग्रेस विधायक के.सी. वीरेंद्र और अन्य के खिलाफ पीएमएलए, 2002 के तहत तलाशी अभियान चलाया था, जिसमें चल्लेकेरे, बेंगलुरु, पणजी, गंगटोक, जोधपुर, हुबली और मुंबई में कुल 31 परिसरों में छापेमारी हुई थी। इस दौरान मर्सिडीज-बेंज सहित पांच महंगी गाड़ियां जब्त की गईं।
ईडी ने 9 बैंक खातों और एक डीमैट खाते में जमा कुल 40.69 करोड़ रुपये को फ्रीज कर दिया है, जबकि 262 म्यूल खातों में जमा 14.46 करोड़ रुपये समेत कुल 55 करोड़ की जांच जारी है। विधायक विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी साइटें जैसे किंग567, राजा567, लायन567 आदि चला रहे थे।
2016 में जब वह जेडी-एस के सदस्य थे, तब आयकर विभाग ने उनके पास से करोड़ों रुपये और सोने के बिस्कुट बरामद किए थे, जिसमें बाथरूम की टाइलों के पीछे छिपाया गया करीब 32 किलो सोना और 90 लाख रुपये के पुराने नोट शामिल थे।

ईडी ने 23 अगस्त को सिक्किम से के.सी. वीरेंद्र को गिरफ्तार किया था और वर्तमान में जांच प्रक्रिया जारी है। इनके भाई और बेटे से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। यह मामला कर्नाटक में ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी मनी लॉन्ड्रिंग केस का है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



