
साप्ताहिक बाजार में ‘सफाई’, आलू-प्याज कारोबारी को बातों में उलझाकर ₹24 हजार की उठाईगिरी
रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरपोंगी के साप्ताहिक बाजार में उठाईगिरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने एक आलू-प्याज कारोबारी को अपनी बातों के जाल में फंसाया और गल्ले में रखे 24 हजार रुपये लेकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
बातों-बातों में उड़ा दिए पैसे
पीड़ित कारोबारी कार्तिक राम धीवर शनिवार (31 जनवरी) को अपनी दुकान लगाकर तरपोंगी बाजार में आलू-प्याज बेच रहा था। शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच, जब बाजार में खासी भीड़ थी, तभी दो युवक ग्राहक बनकर उसके पास पहुंचे। दोनों युवक आलू-प्याज के दाम और क्वालिटी को लेकर कारोबारी से लगातार बहस करने लगे और उसे बातों में उलझाए रखा।

तीसरे साथी ने मारी ‘झपट्टा’
कार्तिक जब सामने खड़े दो युवकों को जवाब दे रहा था, तभी पीछे से उनका तीसरा साथी आया और दुकान में रखा ‘विमल गुटखा’ का थैला झपटकर भाग गया। इसी थैले में कारोबारी ने दिन भर की कमाई के 24 हजार रुपये रखे थे। थैला चोरी होते देख सामने खड़े दोनों युवक भी मदद का नाटक करने के बजाय तुरंत अपने साथी के पीछे भागे।
स्कूटी से फरार हुए आरोपी
कारोबारी ने शोर मचाया और आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन शातिर लुटेरे बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर दूर खड़ी अपनी स्कूटी तक पहुँच गए और वहां से फरार हो गए। धरसींवा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



