
सीतागांव में अतिक्रमण हटाने गई टीम और ग्रामीणों में झड़प: इलाके में तनाव का माहौल, भारी पुलिस बल तैनात
मोहला-मानपुर। मानपुर ब्लॉक के सीतागांव में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों के बीच आज जमकर झड़प हुई। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्कामुक्की भी देखने को मिली, जिससे पूरे गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर वन भूमि पर बने मकानों और झोपड़ियों को तोड़ने पहुंची। वन विभाग ने पहले ही करीब एक दर्जन मकानों को हटाने का नोटिस जारी किया था। जैसे ही प्रशासनिक अमला कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचा, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और मामला झड़प में बदल गया।
ग्रामीणों का विरोध और हालात
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, वन विभाग के अधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अफसर मौजूद रहे। झोपड़ी और मकान तोड़ते समय ग्रामीणों ने जेसीबी वाहन को भी मौके से भगा दिया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप
डीएफओ दिनेश पटेल भी मौके पर पहुंचे और अब राजस्व विभाग, वन विभाग और पुलिस के अधिकारियों के बीच स्थिति पर विचार-विमर्श जारी है। थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, जमा हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि धक्कामुक्की के दौरान उन्हें चोटें आई हैं।

प्रशासन की कार्रवाई
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच चुका है। फिलहाल सीतागांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



