
Chhattisgarh: 10 साल के मासूम के साथ अनैतिक कृत्य के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार
गौरेला-पेंड्रा मारवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा मारवाही जिले में एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे के साथ घिनौनी और शर्मनाक वारदात ने इलाके को हिला कर रख दिया है। आरोपी ने न सिर्फ बच्चे के साथ अनैतिक कृत्य किया, बल्कि उसकी हत्या कर शव को निर्माणाधीन मकान में साड़ी से फंदा बनाकर लटका दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

वारदात की पूरी कहानी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अर्जुन (25 वर्ष) मजदूरी का काम करता है और कोरबा जिले के पसान ब्लॉक का निवासी है। वह अक्सर अपने मामा के घर मरवाही थाना क्षेत्र में आता-जाता था। घटना 1 नवंबर की रात की है। शराब के नशे में धुत अर्जुन उस रात मामा के घर पहुंचा। खाना खाने के बाद जब घर के सभी सदस्य सो गए, तो वह मामा के 10 साल के बेटे को बाहर घूमने के बहाने ले गया।
विवाद से शुरू हुई क्रूरता
बाहर घूमते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आरोपी ने बच्चे को बुरी तरह पीट दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर अर्जुन ने बच्चे के साथ अनैतिक कृत्य किया। इसके बाद उसने बच्चे का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए शव को पास के निर्माणाधीन मकान में ले जाकर साड़ी से फंदा बनाकर लटका दिया।
पुलिस जांच और गिरफ्तारी
मामला मरवाही थाना क्षेत्र का है। बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने तलाश शुरू की और अगले दिन शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। फिलहाल पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



