
Chhattisgarh : टिकरापारा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार
रायगढ़, 10 अक्टूबर 2025: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। टिकरापारा क्षेत्र में कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम तथा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा निवासी फानू उरांव अपने घर के आंगन में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का कारोबार कर रहा है। इस सूचना के आधार पर तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें महिला प्रधान आरक्षक बसंती खूंटे, आरक्षक उत्तम सारथी, मनोज पटनायक और रोशन एक्का शामिल थे।

पुलिस टीम ने तुरंत टिकरापारा क्षेत्र में छापेमारी की। मौके पर पहुंचने पर फानू उरांव (46 वर्ष, पिता बुटिया उरांव) अपने घर के आंगन में प्लास्टिक की बोरी और थैले के साथ बैठा मिला। पूछताछ के दौरान उसने अवैध शराब बेचने की बात कबूल की।
25 लीटर महुआ शराब और नकदी जब्त
पुलिस ने फानू उरांव के कब्जे से 25 लीटर हाथ भट्ठी से तैयार कच्ची महुआ शराब और बिक्री से प्राप्त 230 रुपये नकद जब्त किए। यह शराब प्लास्टिक की बोरी और थैलों में रखी गई थी। पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद फानू उरांव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



