
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: चैतन्य बघेल को 14 दिन की जेल, 3200 करोड़ का घोटाला उजागर
छत्तीसगढ़ में 3200 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को तगड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद चैतन्य को रायपुर की विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इससे पहले 18 जुलाई को ED ने सुबह-सुबह भूपेश बघेल के आवास पर छापा मारकर चैतन्य को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उन्हें 22 जुलाई तक 5 दिन की ED रिमांड पर भेजा था।
शराब घोटाले में कैसे फंसे चैतन्य?
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में चैतन्य बघेल का नाम तब सामने आया, जब ED ने जांच में पाया कि घोटाले की रकम को कथित तौर पर चैतन्य और उनके करीबियों की संपत्तियों में निवेश किया गया। इस मामले में पहले ही कई बड़े नाम गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें पूर्व आबकारी मंत्री और कोंटा के विधायक कवासी लखमा, रायपुर के पूर्व मेयर ऐजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर, रिटायर्ड IAS अनिल टूटेजा और आबकारी विभाग के पूर्व MD एपी त्रिपाठी शामिल हैं। ED का दावा है कि इस घोटाले की रकम का इस्तेमाल अवैध संपत्ति अर्जन में किया गया।

3200 करोड़ का शराब घोटाला क्या है?
छत्तीसगढ़ में 2018 से 2023 के बीच, जब कांग्रेस की सरकार थी, तब यह शराब घोटाला हुआ। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की चार्जशीट के अनुसार, इस घोटाले में 61 लाख अवैध शराब की पेटियां बेचकर 2174 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई थी। हालांकि, बाद में जांच में खुलासा हुआ कि घोटाले की रकम 3200 करोड़ रुपये से भी अधिक थी। चार्जशीट में यह भी बताया गया कि 11 आरोपी अधिकारियों ने इस रकम से अपने रिश्तेदारों के नाम पर करोड़ों की संपत्ति और जमीन खरीदी।
जांच में और खुलासे की संभावना
ED और EOW की जांच में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। यह घोटाला छत्तीसगढ़ की सियासत में भी हलचल मचा रहा है, क्योंकि इसमें कई बड़े नेताओं और अधिकारियों के नाम सामने आ चुके हैं। फिलहाल, ED की नजर इस घोटाले से जुड़े अन्य आरोपियों और उनकी संपत्तियों पर है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3



