
छत्तीसगढ़ NHM कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी: सरकार को मनाने के लिए अनोखा झांकी प्रदर्शन
बलौदा बाजार: छत्तीसगढ़ प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदेश के 33 जिलों के लगभग 16 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा देने के बाद भी अपनी हड़ताल जारी रखे हुए हैं। ये कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर सशक्त प्रदर्शन कर रहे हैं।

मंगलवार को बलौदा बाजार में ‘लगुरे नई मानत हे’ नामक एक अनोखी झांकी के माध्यम से सरकार को मनाने का प्रयास किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ महतारी का पोशाक धारण किए हुए प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के मुखौटे पहनकर वर्तमान सरकार की नीतियों की आलोचना की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनावी घोषणापत्र के विपरीत स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगें अब तक पूरी नहीं हुई हैं।
प्रदर्शन में यह भी बताया गया कि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा की, लेकिन बदले में वे उचित सम्मान और सुविधा प्राप्त नहीं कर पाए। कई साथी कोरोना में शहीद हो चुके हैं, जिनके परिवारों की स्थिति चिन्ताजनक है।
छत्तीसगढ़ महतारी के रूप में प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से अपील की कि वे जल्द से जल्द उनकी मांगों पर विचार करें। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी राज्य के लोगों के स्वास्थ्य हित में काम करते हैं और उनकी मांगे पूरी होना सरकार की जिम्मेदारी है।
एनएचएम कर्मचारियों की दस सूत्रीय मांगे इस प्रकार हैं:
- संविदा कर्मचारियों का स्थाईकरण
- पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
- ग्रेड पे का निर्धारण
- लंबित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि
- कार्यमूल्यांकन में पारदर्शिता
- नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण
- अनुकम्पा नियुक्ति
- मेडिकल और अन्य अवकाश की सुविधा
- स्थानांतरण नीति
- 10 लाख तक कैशलेस चिकित्सा बीमा

इस प्रदर्शन में मिथलेश वर्मा, यशवंत पटेल, रामगोपाल, शिवानी यादव, राजेंद्र देवांगन सहित कई अन्य प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने सरकार से कंपन्य और संविदा कर्मचारियों के हितों पर गंभीरता से निर्णय लेने की मांग की।
एनएचएम कर्मचारियों की इस हड़ताल का प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रभाव पड़ रहा है, जिससे आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



