
Chhattsigarh: वन्यजीव का कच्चा मांस और हथियार जब्त, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
अवैध शिकार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
छत्तीसगढ़ राज्य में वन क्षेत्रों में अवैध शिकार की रोकथाम को लेकर वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है। पूरे राज्य में वन विभाग की टीमें सतर्क रहकर अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही हैं।
गोपनीय सूचना पर गरियाबंद में छापा
इसी कड़ी में गरियाबंद वन मंडल को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर 1 जनवरी को परिक्षेत्र परसुली अंतर्गत ग्राम कोपेकसा में बड़ी कार्रवाई की गई। सर्च वारंट के तहत वन विभाग की टीम ने एक ग्रामीण के घर पर छापामार कार्रवाई की।

संयुक्त टीम ने दी दबिश
यह कार्रवाई सहायक वन संरक्षक नदीम कृष्णा बरिहा, आर.के. साहू एवं शिव प्रसाद ध्रुव के संयुक्त नेतृत्व में की गई। टीम ने ग्रामीण नंदू, पिता महेतर ध्रुव के निवास स्थान की तलाशी ली।
भारी मात्रा में मांस और हथियार बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से भारी मात्रा में वन्यजीव का कच्चा और पका हुआ मांस बरामद किया गया। इसके अलावा एक लाइसेंसी भरमार बंदूक, एक एयर गन तथा अन्य शिकार में उपयोग होने वाले हथियार भी जब्त किए गए।
मांस के नमूने जांच के लिए भेजे गए
वन विभाग ने जब्त किए गए मांस के नमूनों को वन्यजीव प्रजाति की पहचान के लिए जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



