
Korba में मंत्री के पोस्टर फाड़ने पर बवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भिड़ंत
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के स्वागत पोस्टरों को लेकर बड़ा विवाद हो गया। सीएसईबी चौक पर एक युवक द्वारा मंत्री के पोस्टर को डंडे से फाड़ने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई।

पोस्टर फाड़ते ही भड़के भाजपा कार्यकर्ता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीएसईबी चौक पर लगे मंत्री के स्वागत पोस्टर को एक युवक ने डंडे से फाड़ दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और युवक को घेर लिया। जब कार्यकर्ताओं ने युवक से पोस्टर फाड़ने का कारण पूछा, तो उसने कथित तौर पर कुतर्क करना शुरू कर दिया। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने युवक की पिटाई कर दी। बचने के लिए युवक भागकर पास के एक धार्मिक परिसर में जा छिपा।

धार्मिक परिसर में बढ़ा विवाद
युवक का पीछा करते हुए भाजपा कार्यकर्ता धार्मिक परिसर तक पहुंच गए। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने कार्यकर्ताओं के इस व्यवहार का विरोध किया और उनकी भी पिटाई कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट शुरू हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया।

पुलिस ने मौके पर संभाली स्थिति
विवाद की सूचना मिलते ही भाजपा के कई पार्षद और स्थानीय नेता सीएसईबी चौक पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख नगर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर रख रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



