
Chhattisgarh: जंगल में गया युवक IED की चपेट में आया, ब्लास्ट से मौत
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एक निर्दोष ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना 18 जनवरी को ग्राम कस्तुरीपाड़ क्षेत्र के जंगल में हुई, जब युवक लकड़ी लेने जंगल गया था।
लकड़ी लेने गया था जंगल, रास्ते में हुआ धमाका
मिली जानकारी के अनुसार मृतक आयता कुहरामी ग्राम कस्तुरीपाड़ का निवासी था। वह रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल की ओर गया हुआ था। इसी दौरान माओवादियों द्वारा पहले से बिछाए गए प्रेशर आईईडी पर उसका पैर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ।

दोनों पैर हुए क्षतिग्रस्त, रास्ते में तोड़ा दम
आईईडी विस्फोट में युवक के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आईईडी डिटेक्शन और निष्क्रियकरण की कार्रवाई भी की जा रही है।
नक्सली हिंसा से ग्रामीणों में दहशत
इस घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में भय का माहौल है। निर्दोष ग्रामीण की मौत ने एक बार फिर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



