
Chhattisgarh:होटल ग्रांड बसंत में बिरयानी में कॉकरोच, खाद्य विभाग ने जारी किया नोटिस
सीतापुर के मशहूर होटल ग्रांड बसंत रेस्टोरेंट में स्वच्छता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक डॉक्टर को परोसी गई वेज बिरयानी में कॉकरोच मिलने की घटना ने होटल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद खाद्य और औषधि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया और इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया।

वेज बिरयानी में कॉकरोच, ग्राहक ने की शिकायत
जानकारी के अनुसार, गुतुरमा निवासी डॉ. अमित गुप्ता अपने परिवार के साथ सोमवार को होटल ग्रांड बसंत में भोजन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें परोसी गई वेज बिरयानी में मरा हुआ कॉकरोच मिला। डॉ. गुप्ता ने तुरंत इसकी शिकायत होटल प्रबंधन से की, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने खाद्य विभाग को सूचित किया। शिकायत के आधार पर मंगलवार को खाद्य विभाग की टीम ने होटल का औचक निरीक्षण किया।

रसोईघर में गंदगी, मानकों का उल्लंघन
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट की रसोई में कई खामियां पाईं। जांच में सामने आया कि रसोईघर में कीट प्रबंधन की कोई व्यवस्था नहीं थी, पानी का नियमित परीक्षण नहीं किया जा रहा था, और कर्मचारियों के पास स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी नहीं थे। इसके अलावा, व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं हो रहा था।

टीम ने रेस्टोरेंट से वेज बिरयानी और वेज करी के सैंपल जब्त किए, जिन्हें जांच के लिए रायपुर की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने होटल को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करते हुए स्वच्छता और मानकों में सुधार के निर्देश दिए हैं।
आगे की कार्रवाई लैब रिपोर्ट पर निर्भर
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इम्प्रूवमेंट नोटिस का जवाब मिलने और सैंपल की जांच के आधार पर रेस्टोरेंट के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



