
छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर पर मुठभेड़, 3 नक्सली ढेर, हथियार बरामद
छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार सुबह से चल रही मुठभेड़ में अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आई है। मुठभेड़ स्थल से AK-47 और एक इंसास राइफल भी बरामद की गई है। हालांकि, इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है।
अबूझमाड़ में जारी है एंटी नक्सल ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस के विशेष दस्ता सी-60 ने नक्सलियों के खिलाफ यह ऑपरेशन शुरू किया था। अबूझमाड़ के दुर्गम और घने जंगलों वाले इलाके में सर्चिंग और डोमिनेटिंग ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की मौजूदगी के पुख्ता संकेत मिले, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
रुक-रुक कर हो रही फायरिंग
सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच दोनों ओर से लगातार रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। सुरक्षाबल पूरे इलाके को घेरकर रणनीतिक तरीके से आगे बढ़ रहे हैं, ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।

अबूझमाड़ नक्सल गतिविधियों का गढ़
गौरतलब है कि अबूझमाड़ का इलाका लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है। यहां की भौगोलिक परिस्थितियां सुरक्षाबलों के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रही हैं, बावजूद इसके लगातार अभियान चलाकर नक्सलियों पर दबाव बनाया जा रहा है।
अतिरिक्त बल तैनात, सघन तलाशी जारी
मुठभेड़ के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



