
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: EOW ने 6 आरोपियों के खिलाफ दाखिल किया 7 हजार पन्नों का चालान, पूर्व आबाकारी आयुक्त समेत कई बड़े नाम घिरे
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में बुधवार को बड़ा अपडेट सामने आया है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कल 6 आरोपियों के खिलाफ ACB/EOW की विशेष कोर्ट में 7वां पूरक चालान पेश किया। यह चालान करीब 7,000 पन्नों का है, जिसमें भारी मात्रा में दस्तावेज़, सबूत और गवाही शामिल हैं।

इस चालान में जिन आरोपियों के नाम शामिल हैं, उनमें—
- पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास
- अतुल सिंह
- मुकेश मनचंदा
- नितेश पुरोहित
- यश पुरोहित
- दीपेंद्र चावड़ा
इन सभी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं और जांच एजेंसी का मानना है कि यह चालान मामले को निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हर महीने 50 लाख कमीशन
ईओडब्ल्यू के मुताबिक, निरंजन दास ने करीब तीन साल तक आबकारी विभाग के मुखिया रहते हुए नीतियों में मनमाने बदलाव किए, टेंडर की शर्तें ढीली कीं और जानबूझकर गड़बड़ी की। मकसद सिर्फ एक था कि अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर के सिंडिकेट को हर महीने मोटा कमीशन मिलता रहे। बदले में निरंजन दास को हर महीने कम से कम 50 लाख रुपये मिलते थे। जांच में अब तक के सबूतों से पता चला है कि उन्हें कुल 16 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिश्वत मिली। यह पैसा उन्होंने और उनके परिवार वालों ने जमीन-मकान में लगा दिया। इस संपत्ति की भी जांच चल रही है।
ED की जांच में क्या आया सामने?
इस घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रही है। ED ने ACB में दर्ज FIR में दावा किया है कि यह घोटाला 3200 करोड़ रुपए से अधिक का है। जांच में पाया गया कि तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में IAS अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के नेतृत्व में एक सिंडिकेट ने यह पूरा नेटवर्क चलाया।

अब तक हुई कार्रवाई
कई बड़े नामों की गिरफ्तारी हो चुकी है –
पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल
पूर्व IAS अनिल टुटेजा
कारोबारी अनवर ढेबर
इसके अलावा आबकारी विभाग के 28 अधिकारी भी आरोपी थे, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।
मामला अब किस मोड़ पर?
7 हजार पन्नों का पूरक चालान पेश होने के बाद केस फिर से तेज रफ्तार पकड़ सकता है। आने वाले दिनों में कोर्ट में बहस और संभावित गिरफ्तारियों की संभावना बढ़ती दिख रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



