
Chhattisgarh के कॉलेज-यूनिवर्सिटी में आवारा कुत्तों की निगरानी का आदेश
छत्तीसगढ़ में स्कूल परिसरों के बाद अब कॉलेज और विश्वविद्यालयों में भी आवारा कुत्तों की निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों तथा राज्य के शासकीय-निजी विश्वविद्यालयों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कैंपस सुरक्षा को लेकर सख्ती
जारी आदेश के अनुसार कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस में आवारा कुत्तों के नियंत्रण, नियमित निगरानी और उनसे होने वाली संभावित घटनाओं की रोकथाम की जिम्मेदारी सीधे संबंधित संस्थानों की होगी। इससे छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
प्रोफेसरों और स्टाफ की भूमिका
निर्देशों में कहा गया है कि प्रोफेसर, प्रशासनिक अधिकारी और कैंपस स्टाफ मिलकर निगरानी करेंगे। वे न केवल आवारा कुत्तों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे, बल्कि परिसर में फैली खाद्य-सामग्री और कचरे के उचित प्रबंधन को भी सुनिश्चित करेंगे, ताकि कुत्तों का जमावड़ा न हो। प्रोफेसर को नोडल अधिकारी बनाया गया।
छात्रों की सुरक्षा प्राथमिकता
उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित बनाना है। समय रहते निगरानी और नियंत्रण से किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकेगा।
राज्यभर में लागू होंगे निर्देश
ये दिशा-निर्देश राज्य के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में लागू होंगे। विभाग ने संस्थानों से अपेक्षा की है कि वे आदेशों का सख्ती से पालन कर नियमित रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें, ताकि व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



