
Chhattisgarh: जादू-टोना के शक में महिला की नृशंस हत्या, गांव में दहशत
नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना सोनपुर अंतर्गत ग्राम इरपानार में जादू-टोना के संदेह में 48 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह वारदात 31 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घर में घुसकर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पति लक्ष्मण मेटामी उस समय अपने साले के घर आग तापने गए हुए थे। इसी दौरान मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे अपने कुछ साथियों के साथ जबरन महिला के घर में घुस आया। आरोपियों ने लकड़ी के डंडों और फरसा की बेंट से महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला किया।
मौके पर ही गई जान
हमले की गंभीरता इतनी अधिक थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गए। हत्या की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में जादू-टोना के शक को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



