
छत्तीसगढ़: एएसपी की शहादत के बाद बस्तर मोर्चे पर भेजे गए युवा आईपीएस अधिकारी
🔴 ‘एएसपी (ऑपरेशन)’ के नए पद बनाए गए, जो सीधे नक्सल प्रभावित इलाकों में मोर्चा संभालेंगे
रायपुर, 10 जून
सुकमा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरेपुंजे की शहादत के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 2021 बैच के आठ युवा आईपीएस अधिकारियों को नक्सल प्रभावित बस्तर के विभिन्न जिलों में तैनात किया है। यह निर्णय राज्य की काउंटर- इन्सर्जेंसी (नक्सल विरोधी अभियान) नीति में एक अहम बदलाव को दर्शाता है।
राज्य सरकार ने पहली बार सीधे भर्ती हुए आईपीएस अधिकारियों को ‘एएसपी (ऑपरेशन)’ जैसे पदों पर नक्सल मोर्चों पर भेजा है, जो पहले राज्य पुलिस सेवा (SPS) के अफसरों द्वारा निभाए जाते थे। इन अधिकारियों को हाई-रिस्क इलाकों में नेतृत्व करने के लिए तैनात किया गया है।

तैनाती पाने वाले अधिकारी:

उदित पुष्कर – जगदलपुर से दंतेवाड़ा (एएसपी ऑप्स)
रोहित कुमार शाह – सरगुजा से सुकमा (एएसपी ऑप्स)
रवीन्द्र कुमार मीणा– कोरबा से बीजापुर (एएसपी ऑप्स)
अमन कुमार – रायपुर से बीजापुर (एएसपी ऑप्स) आकाश श्रीश्रीमाल – जगदलपुर से भानुप्रतापपुर, कांकेर (एएसपी ऑप्स)
अजय कुमार एवं अक्षय प्रमोद सबद्रा – रायपुर और बिलासपुर से नारायणपुर (एएसपी ऑप्स)
आकाश कुमार शुक्ला– रायगढ़ से एसटीएफ बघेरा, दुर्ग (एएसपी ऑप्स)
गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह रणनीतिक पुनःवितरण एएसपी गिरेपुंजे की शहादत के बाद आवश्यक हो गया था। गिरेपुंजे की शहादत सोमवार को कांटा में हुए आईईडी ब्लास्ट में हुई थी, जिसे माओवादियों ने अंजाम दिया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “सरकार का उद्देश्य रणनीतिक रूप से प्रशिक्षित युवा आईपीएस अधिकारियों को सीधे मोर्चे पर तैनात कर नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना है, जिससे ऑपरेशन ग्रिड को धारदार बनाया जा सके।”
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



