
छत्तीसगढ़ के बालोद में सनसनीखेज हत्याकांड: बहू और प्रेमी ने मिलकर ससुर को करंट देकर मार डाला
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहलाने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी। इस साजिश को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन मृतक के शरीर पर चोट के निशानों ने सच्चाई को उजागर कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
प्रेम प्रसंग से शुरू हुई साजिश
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि डौण्डी लोहारा थाना क्षेत्र के इस मामले में मृतक मनोहर निर्मलकर की हत्या उसकी बहू गीता निर्मलकर और उसके प्रेमी लेखराम निषाद ने मिलकर की। गीता का लेखराम के साथ म्यूजिक क्लास के दौरान प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। इसी प्रेम संबंध ने हत्या की साजिश को जन्म दिया।
सुनियोजित ढंग से दी गई वारदात को अंजाम
हत्या के लिए दोनों ने सुनियोजित योजना बनाई। लेखराम इलेक्ट्रिशियन ग्लव्स, तार और लोहे की रॉड (सब्बल) लेकर गीता के घर पहुंचा।

उसने रॉड में तार लपेटकर गीता के हाथों में ग्लव्स पहनाए और उसे ससुर को करंट लगाने के लिए उकसाया। इसके बाद लेखराम ने स्विच बोर्ड चालू कर दिया, जिससे मनोहर निर्मलकर को करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का रूप देने की कोशिश
हत्या के बाद गीता ने चालाकी दिखाते हुए परिजनों और ग्रामीणों को बताया कि मनोहर शराब के नशे में साइकिल से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। लेकिन अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों ने मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान देखे, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत डौण्डी लोहारा पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में खुला राज
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई। गहन पूछताछ के दौरान गीता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि ससुर रोज शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और उस पर गलत नजर रखता था। इससे तंग आकर उसने प्रेमी लेखराम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



