
छत्तीसगढ़: ट्रेलर चालक की बेरहमी से पिटाई, पुलिसकर्मियों पर mob lynching का आरोप
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक ट्रेलर चालक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे 30 पर रविवार दोपहर एक ट्रेलर ने केशकाल घाटी में बस को ठोकर मार दी, जिसके बाद चालक ट्रेलर सहित फरार हो गया। पुलिस ने 50 किलोमीटर तक पीछा कर उसे चारामा के पास पकड़ा। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ट्रेलर चालक पर बरसी लाठियां और थप्पड़
घटना के बाद ट्रेलर चालक को पकड़ने के बाद चारामा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक को ट्रेलर से उतारते ही थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने चालक की जमकर पिटाई की। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि चालक के प्राइवेट पार्ट पर भी लात मारी गई। एक पुलिसकर्मी ने चालक के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटा। चालक बार-बार दया की भीख मांगता रहा, लेकिन किसी ने उस पर रहम नहीं किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों द्वारा चालक की पिटाई की तस्वीरें साफ देखी जा सकती हैं। इस घटना के बाद पुलिस पर मॉब लिंचिंग के गंभीर आरोप लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस ने कानून को अपने हाथ में लेकर चालक के साथ अमानवीय व्यवहार किया।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। एसडीओपी मोहसिन खान ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चालक नशे में नहीं था। बताया जा रहा है कि केशकाल घाट में ट्रेलर की बस के पिछले हिस्से से टक्कर हुई थी, जिसके बाद चालक डर के कारण भागने लगा।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यदि चालक ने गलती की थी, तो उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत सजा दी जानी चाहिए थी। पुलिस और भीड़ द्वारा इस तरह की हिंसा न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि मानवता को भी शर्मसार करती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



