March 6, 2026
छत्तीसगढ़: स्कूलों में शिक्षकों की बेरहमी, छात्रों पर थप्पड़ों की बौछार

छत्तीसगढ़: स्कूलों में शिक्षकों की बेरहमी, छात्रों पर थप्पड़ों की बौछार

Jul 8, 2025

डोंगरगढ़: सातवीं कक्षा के छात्र को टीचर के थप्पड़ से गंभीर चोट

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित खालसा पब्लिक स्कूल में 2 जुलाई को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कक्षा सातवीं के 13 वर्षीय छात्र सार्थक सहारे को सामाजिक विज्ञान की शिक्षिका प्रियंका सिंह ने मामूली देरी के कारण चार जोरदार थप्पड़ मारे। थप्पड़ इतने तेज थे कि छात्र के दोनों कानों में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी सुनने की क्षमता लगभग खत्म हो गई। परिजनों के अनुसार, सार्थक का दायां कान 70% और बायां कान 80% खराब हो चुका है।

रायपुर में चल रहा इलाज, लंबा होगा उपचार

सार्थक की मां संतोषी सहारे ने बताया कि स्कूल से लौटने के बाद बेटे ने कहा, “मम्मी, मुझे सुनाई नहीं दे रहा।” घबराए परिजन उसे तुरंत डोंगरगढ़ के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से उसे राजनांदगांव और फिर रायपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि चोट गहरी है और इलाज लंबा चलेगा। हर चार दिन में सार्थक को रायपुर अस्पताल लाना पड़ रहा है।

टीचर की पहले भी शिकायतें, डर से चुप रहते थे बच्चे

एक अन्य छात्रा श्वेता गजभिए ने बताया कि शिक्षिका प्रियंका सिंह पहले भी कई छात्रों के साथ मारपीट कर चुकी हैं। वे बच्चों से चीखकर बात करती हैं और डर के कारण बच्चे शिकायत नहीं करते। सार्थक के पिता सुधाकर सहारे ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने सिर्फ एक show-cause नोटिस जारी कर खानापूर्ति की, न तो माफी मांगी गई, न ही इलाज का खर्च उठाने की बात हुई।

रायगढ़: नर्सरी के मासूम पर टीचर का अत्याचार

दूसरी ओर, रायगढ़ के आनंदा मार्ग प्राइमरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक नर्सरी के 3 साल के बच्चे को शिक्षिका ने बेरहमी से पीटा। बच्चे की पीठ पर गहरे निशान बन गए हैं। चक्रधर पुलिस ने आरोपी शिक्षिका को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों की मांग: सख्त कार्रवाई और इलाज का खर्च

सार्थक की मां ने कहा, “हमारे बच्चे की जिंदगी बर्बाद हो गई। हम चाहते हैं कि शिक्षिका को सस्पेंड किया जाए और बच्चे के इलाज का खर्च स्कूल उठाए।” परिजनों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) वीरेंद्र कौर गरछा से शिकायत की है।

स्कूल प्रबंधन का दावा: गलती साबित हुई तो होगी कार्रवाई

खालसा पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष अदनान सिंह अरोरा ने कहा कि शिक्षकों को बच्चों पर हाथ न उठाने की हिदायत दी जाती है। अगर शिक्षिका की गलती साबित होती है, तो सख्त कार्रवाई होगी।

जांच कमेटी गठित, 48 घंटे में आएगी रिपोर्ट

BEO वीरेंद्र कौर गरछा ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। एक जांच कमेटी गठित की गई है, जो 48 घंटे में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इसके आधार पर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix