March 2, 2026
छत्तीसगढ़ में शहरी और सामाजिक विकास को गति: साय सरकार का बड़ा फैसला

छत्तीसगढ़ में शहरी और सामाजिक विकास को गति: साय सरकार का बड़ा फैसला

Jul 11, 2025

रायपुर, 11 जुलाई 2025:

छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और अटल नगर में तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण को देखते हुए विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। साय कैबिनेट ने दिल्ली की तर्ज पर छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र (State Capital Region) के लिए प्राधिकरण स्थापित करने हेतु विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दी है। इसके साथ ही, वंचित समुदायों के युवाओं, महिलाओं और तृतीय लिंग के लोगों के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु पैन आईआईटी के साथ संयुक्त उद्यम की स्थापना को भी हरी झंडी दी गई है।

राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की स्थापना

रायपुर, दुर्ग-भिलाई और नया रायपुर अटल नगर में जनसंख्या वृद्धि और शहरीकरण की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए साय सरकार ने छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण की स्थापना का फैसला किया है। यह प्राधिकरण योजनाबद्ध शहरी विकास, निवेश को बढ़ावा देने, सरकारी और निजी संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने और शहर के विस्तार को नियंत्रित करने का कार्य करेगा। अनुमान है कि 2031 तक इस क्षेत्र में करीब 50 लाख लोग रहेंगे। इसलिए, भूमि का प्रभावी उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के साथ टिकाऊ शहरी विकास सुनिश्चित करना इस प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य होगा।

वंचित समुदायों के लिए ज्वाइंट वेंचर

छत्तीसगढ़ सरकार ने पैन IIT Alumni Reach For India Foundation के साथ मिलकर एक गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम कंपनी स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य वंचित समुदायों के गरीब युवाओं, महिलाओं और तृतीय लिंग के लोगों को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाना है। यह कंपनी आदिवासी उपयोजना और अनुसूचित जाति उपयोजना के अप्रयुक्त फंड का उपयोग कर आजीविका और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी।

कौशल विकास और वैश्विक रोजगार के अवसर

पैन IIT के सहयोग से प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए तैयार करने हेतु विदेशी भाषा प्रशिक्षण पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन और विभागों द्वारा शासकीय भवनों की पहचान की जाएगी, जिन्हें ज्वाइंट वेंचर कंपनी को हस्तांतरित किया जाएगा। पैन आईआईटी, आईआईटी के पूर्व छात्रों द्वारा स्थापित एक सोसायटी है, जो राष्ट्रनिर्माण, व्यावसायिक शिक्षा और ग्रामीण उद्यमिता के माध्यम से वंचित समुदायों की आय में सुधार के लिए कार्य करती है।

सतत विकास की दिशा में कदम

ये निर्णय छत्तीसगढ़ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सतत और समावेशी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण शहरीकरण की चुनौतियों से निपटने में मदद करेगा, जबकि पैन आईआईटी के साथ साझेदारी वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix