
छत्तीसगढ़ में सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर: मां और दो मासूम बच्चों के शव नदी किनारे रेत में दफन, नशे में युवक ने कबूला- मैंने मारा, फ़िर फ़रार
जशपुर, 24 जून 2025:
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला ट्रिपल हत्याकांड सामने आया है। तपकरा थाना क्षेत्र के उतियाल नदी किनारे रेत में दफन एक मां और उसके दो मासूम बच्चों के शव बरामद हुए हैं। गांव के ही एक युवक ने शराब के नशे में इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
शराब के नशे में खुला सच
पुलिस के मुताबिक, साजबहार गांव निवासी सुभद्रा बाई (36) और उनके दो बच्चे—11 साल की बेटी और 6 साल का बेटा—कुछ समय से लापता थे। गांव के ही युवक प्रमोद गिद्धी ने शराब के नशे में ग्रामीणों के सामने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने ही तीनों की हत्या की और शवों को उतियाल नदी किनारे रेत में दफन कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
रेत से निकले शव, गांव में फैली सनसनी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेत की खुदाई शुरू की, जहां से दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। वहीं, सुभद्रा बाई का शव नदी किनारे से कुछ दूरी पर जंगल में मिला।

इस दर्दनाक दृश्य ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। ग्रामीणों में आक्रोश और डर का माहौल है, और लोग इस क्रूर हत्याकांड के पीछे के कारण जानने को बेताब हैं।
प्रेम संबंध या पारिवारिक विवाद?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी प्रमोद गिद्धी और सुभद्रा बाई के बीच अवैध प्रेम संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को शक है कि पारिवारिक विवाद या इस रिश्ते को लेकर हुए टकराव ने इस हत्याकांड को जन्म दिया। हालांकि, सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
आरोपी फरार, पुलिस की तलाश
तेजएसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी प्रमोद गिद्धी ने गांव वालों के सामने अपना जुर्म कबूल किया था, लेकिन अब वह फरार है।

पुलिस ने उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। एसएसपी ने दावा किया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शवों का पोस्टमॉर्टम, सबूत जुटाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मौके से फॉरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या किन परिस्थितियों में और कब हुई। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



