
छत्तीसगढ़ में हैवानियत की हदें पार: सास-ससुर और पति ने बहू को गर्म सलाखों से दागा, जान लेने की कोशिश
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को उसके पति और सास-ससुर ने मिलकर क्रूरता की सारी सीमाएं लांघ दीं। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में महिला को एक सप्ताह तक बंधक बनाकर रखा गया और गर्म सलाखों से दागा गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने महिला के मुंह पर कपड़ा बांधकर उसे गर्म पानी में डुबाकर मारने की कोशिश की। किसी तरह अपनी जान बचाकर पीड़िता पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
गर्म सलाखों से दागकर की अमानवीय यातना
जानकारी के अनुसार, पीड़िता को उसके सास-ससुर और पति ने एक सप्ताह तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसे गर्म सलाखों से दागकर अमानवीय यातनाएं दी गईं। यही नहीं, आरोपियों ने महिला के चेहरे को गर्म पानी में डुबाकर उसकी जान लेने का प्रयास किया। यह क्रूरता तब सामने आई, जब पीड़िता किसी तरह बचकर त्रिकुंडा थाने पहुंची और अपनी आपबीती पुलिस को बताई।

पति चलाता है कोचिंग सेंटर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि पीड़िता का पति, आकाश तिवारी, वाड्रफनगर में चाड़क्य एकेडमी नाम से एक कोचिंग सेंटर चलाता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और उसे सलाखों के पीछे भेज दिया। थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिसके बाद मिले निर्देशों के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई।
सास-ससुर की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के सास-ससुर की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस सक्रिय रूप से उनकी खोजबीन में लगी हुई है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qV



