
भूमि विवाद में बवाल…दो पक्षों की भिड़ंत के बाद नेशनल हाईवे पर घंटों चक्काजाम, प्रशासन मौके पर तैनात
कवर्धा। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में बुधवार को भूमि अतिक्रमण को लेकर दो पक्षों के बीच चला आ रहा विवाद अचानक उग्र हो गया। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने कवर्धा–राजनांदगांव नेशनल हाईवे 130A पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे कई घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। हाईवे जाम होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

प्रदर्शनकारी ने लगाए ये आरोप
प्रदर्शनकारी पक्ष का आरोप है कि विद्यालय निर्माण के लिए सुरक्षित की गई भूमि पर दूसरे पक्ष द्वारा अवैध रूप से “कबीर कुटी” का निर्माण किया जा रहा था। शिव उपासना समूह के सोहननाथ ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक निर्माण कार्य नहीं रोका जाता, प्रदर्शन जारी रहेगा।

वहीं दूसरी ओर जीवन झारिया ने दावा किया कि वर्ष 2003 से उक्त भूमि पर झारिया समाज का भवन मौजूद है। उनका कहना है कि समाज ने हाल ही में हुए सम्मेलन में भूमि की मांग रखी थी, जिसके बाद “कबीर कुटी” निर्माण कार्य शुरू किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी समूह ने कुटी को तोड़ दिया और दुर्व्यवहार किया।

तहसीलदार और पुलिस मौके पर
स्थिति बेकाबू होने पर तहसीलदार विवेक गोहिया और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए बताया कि विवादित भूमि की जांच की जाएगी। वहीं हाईवे खाली करवाकर यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



