
चंगोरी ईंटा भट्ठा मुंशी की हत्या का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग शामिल
भिलाई जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र में हुई चंगोरी ईंटा भट्ठा मुंशी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में मजदूर काशीराम चौहान, धनसाय साहू और एक नाबालिग शामिल हैं।

शराब पार्टी के बाद विवाद, फिर हत्या
जानकारी के मुताबिक, 26 अगस्त की रात चंगोरी ईंटा भट्ठा में काम करने वाले मजदूरों और मुंशी किशन लाल साहू ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने मिलकर किशन लाल पर हमला कर दिया और उसके सिर पर टंगिया से वार किया। गंभीर रूप से घायल मुंशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस की सख्त पूछताछ में टूटा राज़
सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि शुरू में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर सच्चाई सामने आ गई। चौकी प्रभारी संतोष साहू ने बताया कि तीनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की गई थी, जिसमें उनके बयान मेल नहीं खा रहे थे। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुरानी रंजिश भी आई सामने
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक मुंशी से उनकी पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते विवाद के बाद गुस्से में आकर उन्होंने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया टंगिया बरामद कर लिया है।

हत्या का प्रकरण दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर वयस्क आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं, नाबालिग आरोपी को सुधार गृह भेजा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



