
चाकू की नोक पर लूट की वारदात, रायपुर पुलिस ने तीन आदतन अपराधियों को किया गिरफ्तार
रायपुर: पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे की लालच में चाकू की नोक पर एक युवक से लूटपाट करने वाले तीन कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने सोने की बाली, चांदी का ब्रेसलेट और मोबाइल छीनने के साथ-साथ यूपीआई के जरिए 10 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए थे।
घटना का विवरण
23 जून 2025 को चंद्रशेखर नगर निवासी दुर्गेश निषाद (22) ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 22 जून को वह अपने दोस्त चाहत राठौर के साथ दंतेश्वरी मंदिर के पास था। तभी शेख शाहरुख, पंकज आसवानी और शेख अजहर उर्फ अज्जू ने उसे बातचीत का बहाना बनाकर स्कूटी पर जबरन महाराजबंद तालाब रोड ले गए।

वहां शाहरुख ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी सोने की बाली (कीमत 24,000 रुपये), चांदी का ब्रेसलेट (कीमत 4,000 रुपये) और मोबाइल छीन लिया। पंकज ने दुर्गेश के मोबाइल से फोन-पे के जरिए दो बार 5,000-5,000 रुपये ट्रांसफर करवाए। आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलतराम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन के मार्गदर्शन में पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 111(2) में मामला दर्ज किया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खो-खो तालाब पार खो-खो पारा में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों—शेख शाहरुख (25), पंकज आसवानी (27) और शेख अजहर उर्फ अज्जू (22)—को गिरफ्तार किया। भागने की कोशिश करने वाले आरोपियों को पुलिस की मुस्तैदी ने नाकाम कर दिया।
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की बाली, चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल (कीमत 18,000 रुपये), 3,850 रुपये नकद, एक स्टील का चाकू और एक स्कूटी (सीजी 04 एन.जेड.4039, कीमत 25,000 रुपये) बरामद की। कुल बरामद माल की कीमत 48,500 रुपये है। पूछताछ में आरोपियों ने शराब के लिए पैसे की जरूरत के चलते अपराध करना कबूल किया। सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
24 जून 2025 को आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप, सहायक उप निरीक्षक जीवनलाल पारकर, प्रधान आरक्षक अनिल पांडे, आरक्षक जितेंद्र साहू, परदेसी राम कटारे, सुनील शुक्ला और कमलेश मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



