
चैतन्य बघेल की ED ने की गिरफ्तारी: शराब, कोल और महादेव ऐप घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
रायपुर, 19 जुलाई 2025 – प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। 18 जुलाई को भिलाई स्थित उनके आवास पर छापेमारी के बाद यह कार्रवाई हुई। रायपुर की विशेष अदालत ने चैतन्य को 5 दिन की ED हिरासत में भेजा है।
मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला के आरोप
ED ने चैतन्य पर शराब घोटाला, कोल घोटाला और महादेव सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाए हैं। जांच में पता चला कि चैतन्य ने कारोबारी पप्पू बंसल और एक होटल व्यवसायी के जरिए अवैध धन हवाला नेटवर्क के माध्यम से कई राज्यों में निवेश किया। मार्च 2025 में बस्तर, भिलाई और रायपुर में छापेमारी के दौरान ED को पेन ड्राइव, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले, जिनमें ₹2,161 करोड़ के शराब घोटाले से जुड़े लेन-देन का हिसाब था।

महादेव ऐप से संबंध
ED को एक होटल कारोबारी से जानकारी मिली, जो महादेव ऐप के खजांची की शादी में राजस्थान में शामिल था। इस कारोबारी ने चैतन्य के महादेव ऐप से संबंधों का खुलासा किया।
राजनीतिक विवाद
चैतन्य की गिरफ्तारी ने राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया। भूपेश बघेल और कांग्रेस ने इसे BJP की साजिश करार दिया। भूपेश ने दावा किया कि यह कार्रवाई उनके बेटे के जन्मदिन और विधानसभा सत्र के आखिरी दिन जानबूझकर की गई। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा से वॉकआउट किया और NSUI कार्यकर्ताओं ने ED कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
पीएम मोदी का पुराना आरोप
2023 के विधानसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी ने चैतन्य को “सुपर सीएम” बताते हुए उन पर राज्य के संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।

चैतन्य बघेल का परिचय
चैतन्य ने रायपुर के महर्षि विद्या मंदिर से पढ़ाई की और भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से MBA किया। वह भिलाई में विठ्ठलपुरम और विट्ठलग्रीन्स टाउनशिप के मालिक हैं। राजनीति में उनकी एंट्री की योजना थी, लेकिन कांग्रेस की आंतरिक कलह के कारण यह टल गया। वह पहले 2023 और 2024 में कानूनी मामलों में जांच के दायरे में आ चुके हैं।

सबूत और जांच
ED ने मार्च और जुलाई 2025 की छापेमारी में ₹30 लाख नकद, ₹16.7 करोड़ के अवैध लेन-देन और विठ्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट में ₹5 करोड़ की बेनामी डील का पता लगाया। चैतन्य के वकीलों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उनकी आय वैध और टैक्स रिटर्न में दर्ज है।ED की जांच में और गिरफ्तारियां संभव हैं। यह मामला छत्तीसगढ़ में BJP-कांग्रेस के बीच तनाव बढ़ा सकता है, खासकर जब भूपेश बघेल पंजाब में कांग्रेस के प्रभारी हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



