
बांग्लादेश में हिंदू युवक की नृशंस हत्या: भीड़ ने पीट – पीटकर उतारा मौत के घाट , पेड़ से बांधकर जलाया शव
बांग्लादेश: बांग्लादेश में जारी हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बीच कट्टरपंथी हिंसा का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मयमनसिंह जिले में एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने युवक के शव को रस्सी से पेड़ में बांधकर आग के हवाले कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।
भीड़ ने लगाया इस्लाम अपमान का आरोप
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपू चंद्र दास के रूप में हुई है। आरोप है कि विश्व अरबी भाषा दिवस के अवसर पर एक कारखाने में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीपू पर इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया। आरोप फैलते ही इलाके में तनाव भड़क उठा और गुस्साई भीड़ ने उस पर हमला कर दिया।

पीट-पीटकर हत्या, फिर शव को जलाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगाते हुए दीपू चंद्र दास की बेरहमी से पिटाई की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद भीड़ का उन्माद नहीं थमा और शव को पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई। इस खौफनाक मंजर से स्थानीय लोगों में भारी डर फैल गया।
हिंसक प्रदर्शन के बीच हुई वारदात
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब जुलाई विद्रोह के प्रमुख नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसक विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं। हालात पहले से ही तनावपूर्ण बने हुए हैं और इस घटना ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है।
अंतरिम सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया
मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने इस लिंचिंग की कड़ी निंदा की है। सरकार ने बयान जारी कर कहा कि “नए बांग्लादेश में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।” साथ ही आश्वासन दिया गया है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
भालुका उपजिला के कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद फिरोज हुसैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पैगंबर के अपमान के आरोप में एक व्यक्ति की हत्या की गई है और शव पुलिस के कब्जे में है। मामले की जांच जारी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



