
Korba : बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड पर चाकू से किया हमला, फिर खुद की ली जान
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी चाकू मार लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवती का अस्पताल में इलाज जारी है।

उरगा थाना क्षेत्र की घटना
यह मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, आरोपी बॉयफ्रेंड का नाम शुभम नायडू (28) बताया जा रहा है, जो शादीशुदा था और उसकी एक बच्ची भी है। वहीं, घायल गर्लफ्रेंड का नाम निशा उर्फ प्रतीक्षा (22) है। दोनों मूल रूप से बिलासपुर के रहने वाले हैं।

मंगलवार रात हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम से ही दोनों लापता थे। युवती के परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी, जिसके बाद बिलासपुर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच मंगलवार रात करीब 9 बजे दोनों बस से कोरबा पहुंचे। कोरबा के संडैल नाला के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि शुभम ने चाकू निकालकर निशा के गले पर हमला कर दिया।
खुद का गला काटकर दी जान
हमले में निशा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद शुभम ने उसी चाकू से अपना गला काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घायल युवती ने वीडियो कॉल कर दी जानकारी
खून से लथपथ हालत में पड़ी निशा ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह 112 पर कॉल किया और अपने परिजनों को वीडियो कॉल के जरिए इशारों में पूरी घटना की जानकारी दी। उसने अपनी लोकेशन भी साझा की। लोकेशन मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने युवक को किया मृत घोषित
अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने शुभम नायडू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, निशा की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक इलाज के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



