
Kanker में ‘खूनी’ प्रेम प्रसंग: शादी का दबाव बनाने पर शादीशुदा प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, मददगार दोस्त भी गिरफ्तार
कांकेर/दुधावा। जिले के दुधावा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांगाबारी के बुढ़ा तालाब में मिली युवती की लाश के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मामले की तह तक जाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि युवती के शादीशुदा प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी।
तालाब में मिला था अज्ञात शव
घटना 1 फरवरी की है, जब बुढ़ा तालाब में एक अज्ञात युवती का शव साड़ी में लिपटा हुआ पाया गया था। सोशल मीडिया और स्थानीय नेटवर्क की मदद से मृतका की पहचान 18 वर्षीय नेहा वट्टी (निवासी ग्राम बासनवाही) के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद पुलिस ने जब मृतका के कॉल रिकॉर्ड और संपर्कों की जांच की, तो संदेह की सुई बिरेंद्र ध्रुव पर जाकर टिकी।

शादी का दबाव बना ‘मौत’ का कारण
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी बिरेंद्र ध्रुव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बिरेंद्र पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसके नेहा वट्टी के साथ प्रेम संबंध थे। नेहा लगातार बिरेंद्र पर शादी करने का दबाव बना रही थी। बिरेंद्र इस रिश्ते से पीछा छुड़ाना चाहता था, इसलिए उसने अपने दोस्त भागवत ध्रुव के साथ मिलकर नेहा को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
पानी में डुबोकर उतारा मौत के घाट
साजिश के तहत, आरोपी नेहा को घुमाने और भगाने का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर बुढ़ा तालाब ले गए। वहां पचरी के पास मौका पाकर दोनों ने नेहा को पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने नेहा का मोबाइल, चप्पल और अन्य सामान भी तालाब में फेंक दिए थे।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने गोताखोरों की मदद से तालाब से मृतका का सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



