
जशपुर में अंधे कत्ल का खुलासा: कमीशन विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार और दो फरार
जशपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने तुरीटोंगरी इलाके में मिले अधजले शव के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
पहचान छिपाने के लिए जला दिया शव
18 अक्टूबर को तुरीटोंगरी क्षेत्र में एक अधजली लाश मिलने से हड़कंप मच गया था। जांच में मृतक की पहचान सीटोंगा निवासी सीमित खाखा (28) के रूप में हुई। अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सीमित अपने साथियों के साथ झारखंड के हजारीबाग में काम करता था। कमीशन के बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। शव को जंगल में गड्ढे में डालकर जला दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में रामजीत राम (25), वीरेन्द्र राम (24) और एक 17 वर्षीय बालक शामिल हैं। उनकी निशानदेही पर चाकू, लोहे की छड़ और कपड़े जब्त किए गए हैं। आरोपियों ने शराब पीने के बाद हुए झगड़े में गुस्से में हत्या करने की बात कबूल की है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल पर डमी के माध्यम से रीक्रिएशन कराया और बीएनएस की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल और नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने प्रोफेशनल तरीके से इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया है। फरार दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



