
अटल आवास में चल रहा था ‘काला खेल’: WhatsApp Group के जरिए होती थी बुकिंग, दलाल समेत 3 युवतियां गिरफ्तार
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हाईटेक तरीके से चल रहे देह व्यापार के कारोबार पर पुलिस ने तगड़ा प्रहार किया है। कवर्धा पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लड़कियों की सप्लाई करने वाले एक शातिर दलाल और तीन युवतियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी दलाल ग्राहकों को व्हाट्सएप पर लड़कियों की फोटो भेजता था और सौदा तय होने के बाद उन्हें तय ठिकाने पर बुलाता था
अटल आवास बना था ‘अड्डा’
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत 30 जनवरी की रात पुलिस को सूचना मिली कि घुघरी रोड स्थित अटल आवास क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना मिलते ही सायबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान बताए गए मकान पर अचानक दबिश दी।

व्हाट्सएप ग्रुप से खुलता था ‘बाजार’
जांच में पता चला कि आरोपी दलाल गोलू लहरे (35 वर्ष) ग्राहकों से संपर्क करने के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल करता था। वह ग्राहकों को व्हाट्सएप पर लड़कियों की तस्वीरें भेजता था और वहीं पर पैसे और समय की डील होती थी। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और लेनदेन से जुड़े साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
महिला अधिकारियों के नेतृत्व में रेड
इस पूरी कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए टीम में महिला पुलिस अधिकारियों और महिला आरक्षकों को विशेष रूप से शामिल किया गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर गोलू लहरे और बाहर से बुलाई गई तीन युवतियों को हिरासत में लिया। दलाल गोलू लहरे वार्ड क्रमांक 17, मिनीमाता चौक कवर्धा का रहने वाला है।
कानूनी शिकंजा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल और अमित पटेल ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस (BNSS) की धारा 170 के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में सक्रिय अन्य असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब दलाल के मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि इस व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े ग्राहकों और अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



